आजमगढ़ : विकासशील से विकसित भारत की यात्रा का मेरुदंड है एनसीसी

Youth India Times
By -
0

99 यूपी बटालियन के तत्वावधान में 14 दिवसीय ऑनलाइन सीटीओ अभिमुखीकरण कार्यक्रम संपन्न

आजमगढ़। 99 यूपी बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में वाराणसी बी ग्रुप मुख्यालय से संबद्ध बटालियनों के अप्रशिक्षित केयरटेकर ऑफिसर्स (सीटीओ) के लिए आयोजित 14 दिवसीय ऑनलाइन सीटीओ ओरिएंटेशन प्रोग्राम सोमवार को संपन्न हुआ। कार्यक्रम में वाराणसी, जौनपुर, मिर्जापुर, आजमगढ़, अंबेडकर नगर सहित विभिन्न जनपदों से जुड़े सीटीओ ने ऑनलाइन माध्यम से प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को एएनओ एवं सीटीओ की ड्यूटी, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, राष्ट्रीय एकता, व्यक्तित्व विकास, .22 राइफल, सेना के बैज एवं रैंक, एनसीसी डॉक्यूमेंटेशन, एसएनसीसीओ तथा वेपन ट्रेनिंग सहित विभिन्न विषयों का ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में 99 यूपी बटालियन के सहयुक्त एनसीसी अधिकारियों कैप्टन डॉ. इंद्रजीत, लेफ्टिनेंट डॉ. पंकज सिंह, लेफ्टिनेंट मनोज सक्सेना, लेफ्टिनेंट चंदन, सूबेदार मेजर विनोद कुमार एवं जेसीओ कौशलाल राणा आदि ने प्रतिभागियों को तकनीकी एवं विषयगत प्रशिक्षण प्रदान किया। समापन अवसर पर कमान अधिकारी कर्नल दिनेश शर्मा ने अपने क्लोजिंग एड्रेस में कहा कि एनसीसी वर्तमान दौर में विकासशील से विकसित भारत की यात्रा का मजबूत माध्यम बन सकता है। भारत की पहचान दुनिया में एक युवा देश के रूप में है। एनसीसी के माध्यम से युवाओं को उच्च गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण देकर उनमें एकता, अनुशासन, सच्चरित्रता, नेतृत्व क्षमता और उच्च नागरिकता के गुण विकसित किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस दिशा में सीटीओ की महत्वपूर्ण भूमिका है, क्योंकि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद यही अधिकारी आगे चलकर एएनओ के रूप में एनसीसी कैडेटों के मार्गदर्शन और प्रशिक्षण में योगदान देंगे। कर्नल शर्मा ने ऑनलाइन ओरिएंटेशन प्रोग्राम की सफलता के लिए तकनीकी सहायकों, प्रशिक्षण संचालित करने वाले सहयुक्त एनसीसी अधिकारियों और सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं तथा आभार व्यक्त किया। प्रतिभागियों की ओर से शिब्ली नेशनल पीजी कॉलेज के डॉ. आसिम खान ने वोट ऑफ थैंक्स प्रस्तुत करते हुए सभी के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम में गूगल मीट के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से विभिन्न जनपदों से जुड़े सीटीओ मौजूद रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)