आजमगढ़। जिले में पिछले तीन दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश और तेज हवाओं के चलते मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। लगातार बारिश से तापमान में गिरावट आने के साथ लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है, लेकिन रोजमर्रा के काम से घरों से निकलने वाले लोगों को जलभराव और खराब मौसम के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।रातभर हुई बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने शनिवार को जिले के प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा आठ तक के विद्यार्थियों के लिए विद्यालयों में अवकाश घोषित करने के निर्देश दिए हैं। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मौसम की प्रतिकूल स्थिति को देखते हुए संबंधित विद्यालयों में अवकाश सुनिश्चित कराया जाए। विभाग ने यह निर्णय छोटे बच्चों को बारिश, तेज हवाओं, जलभराव और आवागमन के दौरान संभावित परेशानी से बचाने के उद्देश्य से लिया है। लगातार बारिश के कारण जिले के कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति भी बनी हुई है। सड़कों पर पानी जमा होने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। ऐसे में बच्चों को विद्यालय आने-जाने में होने वाली परेशानियों और सुरक्षा संबंधी संभावित जोखिम को देखते हुए कक्षा आठ तक के विद्यालयों में अवकाश का निर्णय लिया गया है।
Post a Comment
0Comments



