आजमगढ़ : शहर में सूखे पेड़ों और भारी डालियों से हादसे का खतरा

Youth India Times
By -
0




भाजपा नगर अध्यक्ष ने वन विभाग से कार्रवाई की मांग

आजमगढ़। शहर के विभिन्न इलाकों में खड़े सूखे पेड़ों और सड़क की ओर झुकी भारी डालियों से हादसे की आशंका को लेकर भारतीय जनता पार्टी के नगर अध्यक्ष मृगांक शेखर सिन्हा ने प्रभागीय वनाधिकारी को पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। पत्र में उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में कई स्थानों पर सूखे पेड़ खड़े हैं, जबकि कई हरे पेड़ों की भारी डालियां सड़क की ओर लटकी हुई हैं। आंधी और बारिश के मौसम में ऐसे पेड़ और डालियां जनसुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकती हैं। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पूर्व कोतवाली के बगल में एक पेड़ की सूखी डाली गिरने से कुछ वाहनों को नुकसान भी हुआ था। मृगांक शेखर सिन्हा के अनुसार निरंकारी मंदिर के सामने, रैदोपुर स्थित आबकारी कार्यालय के बगल में, मेहता पार्क और कोतवाली के आसपास समेत कई स्थानों पर अभी भी सूखे पेड़ खड़े हैं। उन्होंने आशंका जताई कि समय रहते इन्हें नहीं हटाया गया तो किसी दिन जनहानि हो सकती है। उन्होंने कहा कि पेड़ या भारी डालियां गिरने से बिजली आपूर्ति और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने वन विभाग से नगर क्षेत्र में खड़े सूखे पेड़ों और खतरनाक भारी डालियों को चिह्नित कर हटाने की मांग की, ताकि संभावित जनहानि के साथ-साथ सरकारी संसाधनों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को भी रोका जा सके।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)