आजमगढ़: रोडवेज बस की टक्कर से युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल

Youth India Times
By -
0


सीओ आवास से 100 मीटर आगे हुआ हादसा, पुलिस ने बस कब्जे में ली

आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार 19 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई। जानकारी के अनुसार, समुंदरपुर गांव निवासी अदीद (19) पुत्र सलीम और अदिल (18) पुत्र जैश बाइक से गैस एजेंसी की ओर जा रहे थे। दोनों सगड़ी तहसील स्थित सीओ आवास से करीब 100 मीटर आगे पहुंचे थे। इसी दौरान दोहरीघाट से आजमगढ़ की ओर जा रही रोडवेज बस ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में अदीद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अदिल को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। सूचना मिलते ही जीयनपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त रोडवेज बस को भी कब्जे में ले लिया है। घटना की जानकारी मिलने पर परिवहन निगम की जेएसआई चंद्रकला शुक्ला भी मौके पर पहुंचीं और हादसे की जानकारी ली। अदीद की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)